HomeBiharBPSC TRE-4 Notification: 32,388 पदों पर भर्ती, आज जारी हो सकता है...

BPSC TRE-4 Notification: 32,388 पदों पर भर्ती, आज जारी हो सकता है विज्ञापन

BPSC TRE-4 Notification: आज शाम आ सकता है नोटिफिकेशन, 32,388 पदों पर भर्ती; अभ्यर्थियों ने दी आमरण अनशन की चेतावनी

BPSC TRE-4 Notification: बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी BPSC TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का इंतजार और आंदोलन दोनों तेज हो गया है. पटना में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं. इसी बीच सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है कि BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन मंगलवार शाम तक जारी किया जा सकता है.

अभ्यर्थियों ने सरकार और आयोग को तीन दिनों का समय दिया है. उनका कहना है कि अगर तय समय में भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया गया, तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे.

32,388 पदों से ज्यादा हो सकती है भर्ती

सरकार की ओर से पहले TRE-4 के तहत 32,388 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की घोषणा की गई थी. हालांकि, अब सूत्रों के मुताबिक भर्ती की सीटों में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई जा रही है.

बताया जा रहा है कि मैथिली के अलावा कुछ अन्य विषयों में भी पदों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. आयोग की ओर से नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारियां लगभग पूरी होने की बात सामने आ रही है. संभावना है कि अगले महीने से अभ्यर्थियों के आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है.

पटना में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

BPSC TRE-4 का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग को लेकर पटना में अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है. छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में ‘छात्र न्याय सत्याग्रह’ शुरू किया गया है.

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की मुख्य मांग जल्द से जल्द TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करना है. दिलीप कुमार ने स्पष्ट कहा है कि अगर तीन दिनों के भीतर नोटिफिकेशन नहीं आया, तो आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए आमरण अनशन किया जाएगा.

सरकार के खिलाफ अभ्यर्थियों में नाराजगी

प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब बिना सदन का सदस्य रहे कोई मंत्री पद पर रह सकता है और शिक्षा मंत्री के पद पर भी व्यक्ति बना रह सकता है, तो फिर छात्रों की योग्यता पर सवाल क्यों उठाए जाते हैं.

इसी तरह के बयानों के कारण आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों में सरकार के प्रति नाराजगी साफ नजर आ रही है. हालांकि, इन सबके बीच आज शाम TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना ने अभ्यर्थियों की उम्मीद बढ़ा दी है.

परीक्षा पैटर्न में बदलाव की भी मांग

अभ्यर्थी केवल नोटिफिकेशन जारी करने की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि TRE-4 और आगामी शिक्षक भर्ती परीक्षा के पैटर्न को लेकर भी अपनी आपत्ति जता रहे हैं.

अभ्यर्थियों का कहना है कि आगामी TRE-5 में नया परीक्षा पैटर्न लागू किया जाए. उनका तर्क है कि कई उम्मीदवारों ने अब तक केवल प्रारंभिक परीक्षा (PT) को ध्यान में रखकर तैयारी की है और मेंस परीक्षा के लिए तैयारी नहीं की है.

इसके अलावा प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे, BSSC परीक्षा की तारीख, लाइब्रेरियन भर्ती, BET, दारोगा और सिपाही भर्ती समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग भी उठा रहे हैं.

अब सभी की नजर BPSC पर है. अगर मंगलवार शाम को TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी होता है, तो 32,388 पदों वाली इस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हो सकता है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments