HomeJharkhandसरकार-छात्र वार्ता आज, फैसले पर टिकी सबकी नजर

सरकार-छात्र वार्ता आज, फैसले पर टिकी सबकी नजर

सरकार और छात्रों की आज अहम बैठक, दो मांगों पर बनेगी सहमति या फिर बढ़ेगा आंदोलन?

रांची: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ पिछले 24 दिनों से जारी छात्रों के आंदोलन के बीच आज सरकार और छात्र प्रतिनिधियों की अहम बैठक होने जा रही है। दोपहर 2 बजे स्टेट गेस्ट हाउस में होने वाली इस वार्ता को आंदोलन की दिशा तय करने वाली बैठक माना जा रहा है।

चार छात्र लगातार आमरण अनशन पर बैठे हैं। ऐसे में सरकार और छात्रों के बीच होने वाली बातचीत के परिणाम पर सभी की नजरें टिकी हैं। सरकार की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा और संजय सिंह यादव वार्ता में शामिल होंगे। छात्रों की ओर से 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बातचीत करेगा, जिसमें एक कानूनी विशेषज्ञ भी मौजूद रहेगा।

दो प्रमुख मांगों पर अटका है मामला

छात्रों की मुख्य मांगों में जेपीएसएससी पेपर लीक मामले की सीबीआइ जांच और सीजीएल परीक्षा रद्द करना शामिल है। छात्रों का कहना है कि इन दोनों मुद्दों पर सरकार को स्पष्ट और ठोस फैसला लेना चाहिए।

हालांकि सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि पेपर लीक मामले की जांच सीआईडी कर रही है और अब तक 20 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं सीजीएल परीक्षा रद्द करने के मामले में सरकार कानूनी अड़चनों का हवाला दे रही है।

इससे पहले सरकार और आंदोलनरत छात्रों के बीच दो दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। ऐसे में आज की बैठक में एक बार फिर दोनों मांगों पर समाधान निकालने की कोशिश होगी।

वार्ता असफल हुई तो 20 अगस्त को बड़ा प्रदर्शन

छात्र संगठनों ने साफ कर दिया है कि अगर आज की बातचीत से कोई ठोस रास्ता नहीं निकलता है, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया है और राज्यभर के छात्रों से रांची पहुंचने की अपील की है।

पिछले दिनों विधानसभा मार्च में भी बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे। प्रस्तावित घेराव को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और बैरिकेडिंग भी की गई है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आज की वार्ता से सरकार और छात्रों के बीच गतिरोध खत्म होगा, या फिर 20 अगस्त को आंदोलन और बड़ा रूप लेगा?

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments