Jharkhand Weather: 4 दिनों तक बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
Jharkhand Weather: झारखंड में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। 15 अगस्त को रांची समेत करीब 20 जिलों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि थोड़ी देर के लिए धूप भी निकल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में मध्यम से भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
16 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश
16 अगस्त को सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा और चतरा में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में वज्रपात के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
17 और 18 अगस्त को भी बारिश का दौर
17 अगस्त को पलामू, चतरा, हजारीबाग, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, 18 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम में सुधार और आसमान साफ होने के आसार हैं।
रांची में बारिश के बाद तापमान में गिरावट
बारिश के कारण रांची के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 5.4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान भी 1.9 डिग्री की गिरावट के साथ 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। जगन्नाथपुर में 22 मिमी, रांची में 4 मिमी, मेदिनीनगर में 11 मिमी, बोकारो में 5 मिमी, खूंटी में 7 मिमी और लोहरदगा में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, रांची के कांके में 12 घंटे के दौरान 46 मिमी बारिश हुई।


