वेतन, ईंधन और गाड़ियों के मेंटेनेंस की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए चालक, मरीजों की बढ़ी परेशानी
जिला संवाददाता: दूसरों की जिंदगी बचाने वाले 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी आज खुद आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिलने और बदहाल व्यवस्था से परेशान जिले के सरकारी 108 एंबुलेंस चालकों ने कामकाज ठप कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। आक्रोशित चालकों ने सदर अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन और एंबुलेंस संचालन एजेंसी के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे चालकों का कहना है कि पिछले चार महीने से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इसके कारण उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। घर का राशन, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए उन्हें लोगों से उधार लेना पड़ रहा है। कर्मचारियों के मुताबिक, अब उधार देने वाले लोग भी हाथ खड़े करने लगे हैं।
जर्जर एंबुलेंस और ईंधन की किल्लत से बढ़ी परेशानी
चालकों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के साथ-साथ एंबुलेंस की स्थिति भी बेहद खराब है। अधिकांश गाड़ियां जर्जर हो चुकी हैं और उनके रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
वहीं, एंबुलेंस में ईंधन भरवाने के लिए भी चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। इससे आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल
हड़ताल पर गए चालकों ने साफ कर दिया है कि जब तक चार महीने का बकाया वेतन नहीं दिया जाता, एंबुलेंस की मरम्मत नहीं कराई जाती और समय पर ईंधन की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
108 एंबुलेंस सेवा के चालकों की इस हड़ताल का असर अब आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। एंबुलेंस सेवा बाधित होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित एजेंसी कर्मचारियों की मांगों पर कब तक कार्रवाई करती है।
