झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 30 अगस्त तक बारिश का दौर; कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रांची:-झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर राज्य के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। अलग-अलग जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है और मौसम विज्ञान केंद्र ने 30 अगस्त तक बारिश का दौर बने रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
27 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 27 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, खूंटी और कोडरमा में भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची समेत राज्य के कई अन्य हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
28 और 29 अगस्त को भी बारिश का असर
28 अगस्त को चतरा, कोडरमा, गिरिडीह और हजारीबाग में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बाकी जिलों में भी बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं 29 अगस्त को मौसम का असर राज्य के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में ज्यादा देखने को मिल सकता है। गिरिडीह, देवघर, दुमका, धनबाद, जामताड़ा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना है।
झारखंड में अब भी सामान्य से कम बारिश
बारिश होने के बावजूद पूरे राज्य में मानसून की स्थिति अभी सामान्य नहीं हुई है। 1 जून से 26 अगस्त तक झारखंड में सामान्य बारिश 759.1 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि इस दौरान 679.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी राज्य में अब तक सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
हालांकि कुछ जिलों में बारिश सामान्य से ज्यादा हुई है। पश्चिमी सिंहभूम में 44 प्रतिशत, लातेहार में 8 प्रतिशत, सिमडेगा में 7 प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में 6 प्रतिशत और खूंटी में 4 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।
रांची में सामान्य से ज्यादा बारिश
राजधानी रांची में इस मानसून सीजन में बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। 1 जून से 26 अगस्त तक रांची में सामान्य बारिश 776.3 मिमी होती है, जबकि अब तक 807.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से करीब 4 प्रतिशत अधिक है।
बीते बुधवार को भी राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। जमशेदपुर में सबसे अधिक 65 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बोकारो में 45 मिमी और रांची में करीब 2 मिमी बारिश हुई।
30 अगस्त तक सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। भारी बारिश वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। निचले इलाकों में जलभराव और तेज बारिश के दौरान स्थानीय स्तर पर परेशानी बढ़ सकती है। मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग के ताजा अलर्ट पर नजर रखने की जरूरत है।


