धनबाद:- रिश्वतखोरी के मामले में रांची CBI की कार्रवाई के बाद धनबाद में भी बड़ी छापेमारी की गई। CBI की टीम ने धनसार थाना क्षेत्र के गांधी नगर स्थित CISF अधिकारी सुजीत कुमार के पुश्तैनी आवास पर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान करीब 10 लाख रुपये नकद और लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, बरामदगी को लेकर CBI की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज स्थित CISF की NTPC यूनिट में तैनात हेड कांस्टेबल रविकांत त्रिपाठी ने अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए CBI से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए रांची CBI टीम ने संतोष कुमार महतो, सीनियर अकाउंट ऑफिसर, सुनील कुमार, सहायक अकाउंट ऑफिसर और सुजीत कुमार, सहायक अकाउंट ऑफिसर को कथित तौर पर 48,400 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद CBI की पांच सदस्यीय टीम धनबाद पहुंची और सुजीत कुमार के गांधी नगर स्थित आवास की तलाशी ली। सूत्रों के मुताबिक, टीम को घर में प्रवेश करने के लिए करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद शुरू हुई तलाशी के दौरान नकदी और सोने के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई।
सूत्रों के अनुसार, आवास से बरामद करीब 10 लाख रुपये नकद और 35 लाख रुपये के आभूषण को CBI टीम अपने साथ ले गई है। जांच एजेंसी अब बरामद संपत्ति के स्रोत और रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
रिश्वत मामले में गिरफ्तार CISF अधिकारियों से पूछताछ के साथ-साथ CBI की जांच आगे भी जारी है। बरामद संपत्ति और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।


