घाघरा (गुमला): नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ घाघरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 2.6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान घाघरा निवासी विष्णु साहू के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विष्णु साहू गुमला की ओर से मोटरसाइकिल पर ब्राउन शुगर लेकर घाघरा आ रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने टोटाम्बी के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

