कोडरमा: छठ महापर्व से पहले छठ घाट तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत दरदाही में शनिवार को नाराज ग्रामीणों ने बरियारडीह-मरकच्चो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस जाम के कारण कोलकाता से आने वाली यात्री बस समेत सैकड़ों वाहन फंसे रहे। सड़क जाम होने से यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, लेकिन छठ घाट तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बारिश और गंदे पानी के कारण कई जगहों पर कीचड़ जमा है। ऐसे में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई। आखिरकार मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा।
जाम की सूचना मिलने के बाद नावाडीह मुखिया प्रतिनिधि बसंत साव और मरकच्चो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और जनप्रतिनिधि ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण सड़क की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक चली बातचीत के बाद मुखिया प्रतिनिधि बसंत साव ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका।
मुखिया प्रतिनिधि बसंत साव ने बताया कि फिलहाल वे अपने निजी खर्च से सड़क की मरम्मत करवा रहे हैं, ताकि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ग्रामीणों की मांग पर सड़क के साथ नाली निर्माण को भी शामिल किया गया है, जिसके कारण कार्य में देरी हुई। पथ निर्माण विभाग से इस संबंध में बातचीत हुई है। 18 नवंबर को टेंडर खोला जाएगा और इसी महीने सड़क निर्माण का काम शुरू होने की उम्मीद है।
वहीं, मरकच्चो थाना प्रभारी बमबम कुमार ने लोगों से अपील की कि त्योहार के दौरान कोई भी व्यक्ति सड़क पर गंदा पानी नहीं बहाए। उन्होंने कहा कि ऐसा करते हुए पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

