खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में PLFI उग्रवादी संगठन के नाम पर लेवी मांगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और PLFI के तीन पर्चे बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ स्थित एक आवासीय विद्यालय और पश्चिम सिंहभूम जिले के आनंदपुर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान PLFI संगठन के नाम पर पर्चे फेंककर लेवी की मांग की थी। इन घटनाओं के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू मांझी और अकुश बागो उर्फ दोनदो के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और PLFI के तीन पर्चे जब्त किए हैं। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई को लेकर खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने मामले की जानकारी दी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि लेवी मांगने की घटनाओं में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।

