कोडरमा: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग एनएच-20 पर बीती रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रीराम धर्मकांटा के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान मड़ुवाटांड़ निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। विजय कोडरमा स्टेशन के पास ठेले पर फास्ट फूड बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि रात में काम खत्म करने के बाद वह अपने दोस्त को लाने गैराज जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक बाइक सवार को करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सदर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है।
अधूरी सर्विस लेन को लेकर लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि बायपास पर सर्विस लेन अधूरी है। श्रीराम धर्मकांटा के पास करीब 200 मीटर तक सर्विस लेन नहीं बनाई गई है। इसके अलावा सड़क किनारे पानी जमा रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अधूरी सर्विस लेन को जल्द पूरा कराने और जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

