Site icon khabar jharkhand

बोकारो में कोयले का ढेर धंसने से तीन महिलाओं की मौत, चार गंभीर; रात 2 बजे स्टॉक यार्ड पहुंचने पर उठे सवाल

बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में सीसीएल के कथारा क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कोलियरी के स्टॉक यार्ड में कोयले का विशाल ढेर अचानक धंसने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

कोयले के मलबे में दब गए सात लोग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों का एक समूह कथारा कोलियरी के स्टॉक यार्ड में मौजूद था। इसी दौरान अचानक कोयले का विशाल ढेर धंस गया। इसकी चपेट में आने से सात लोग कोयले के मलबे में दब गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला।

हादसे में पुष्पा देवी, पति गल्लू यादव, कौशल्या देवी, पति विश्वनाथ और हीरालाल की पत्नी की मौत होने की सूचना है। वहीं, चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।

रात 2 बजे स्टॉक यार्ड में क्यों मौजूद थे ग्रामीण?

इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल ग्रामीणों की रात के समय स्टॉक यार्ड में मौजूदगी को लेकर उठ रहा है। बताया जा रहा है कि सभी लोग घरेलू उपयोग और जलावन के लिए कोयला चुनने पहुंचे थे। लेकिन घटना रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी रात को लोग कोयला चुनने स्टॉक यार्ड क्यों पहुंचे थे?

क्या वास्तव में ग्रामीण घरेलू उपयोग के लिए कोयला चुनने गए थे या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी? स्टॉक यार्ड जैसे संवेदनशील इलाके में इतनी रात को लोगों की आवाजाही कैसे हुई? वहां सुरक्षा और निगरानी की क्या व्यवस्था थी? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

सीसीएल कर्मचारी नहीं, स्थानीय ग्रामीण बताए जा रहे मृतक

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में प्रभावित सातों लोग सीसीएल के कर्मचारी नहीं, बल्कि स्थानीय ग्रामीण बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी वास्तविक पहचान, घटनास्थल पर पहुंचने के उद्देश्य और हादसे की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

कथारा कोलियरी के स्टॉक यार्ड में हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कोयले के बड़े-बड़े ढेर के आसपास सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था या नहीं, रात में निगरानी की व्यवस्था कैसी थी और ग्रामीण स्टॉक यार्ड तक कैसे पहुंचे, इसकी जांच जरूरी है।

फिलहाल हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर कोलियरी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अवैध प्रवेश की रोकथाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version