रांची: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, 32 हजार रुपये नकद और एक लाइसेंसी रायफल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
चोरी की यह घटना कांके थाना क्षेत्र स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) कैंपस की है। यहां वेटरनरी विभाग में कार्यरत दीपू उपाध्याय के घर में चोरों ने हाथ साफ किया। बताया जा रहा है कि छठ पर्व मनाने के लिए दीपू उपाध्याय का पूरा परिवार बिहार गया हुआ था। घर में ताला लगा होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
परिवार जब छठ मनाकर वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से एक लाइसेंसी रायफल, करीब 20 लाख रुपये के गहने और 32 हजार रुपये नकद गायब हैं। इसके बाद परिवार ने तत्काल कांके थाना पुलिस को घटना की सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। खास बात यह है कि चोर घर से लाइसेंसी रायफल भी अपने साथ ले गए हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
गौरतलब है कि छठ पर्व के दौरान रांची से बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक घरों और दूसरे शहरों में पर्व मनाने गए थे। इस दौरान कई मकान बंद थे। ऐसे में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की आशंका बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी में जुटी है।

