Site icon khabar jharkhand

चतरा के कस्तूरबा विद्यालय में छात्रा की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने किया हंगामा; जांच में जुटी पुलिस

चतरा: जिले के गिद्धौर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। सोमवार की रात विद्यालय के कमरे में छात्रा प्रियंका कुमारी का शव मिलने के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय की अन्य छात्राओं में दहशत फैल गई।

मृतका की पहचान बरियातू पंचायत के सिमरातरी गांव निवासी संतोष भुइंया की पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा की मौत को लेकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

इधर, छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण विद्यालय के बाहर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और घटना को लेकर नाराजगी जताई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी (सीओ) ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान परिजनों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिमरिया एसडीपीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे।

फिलहाल पुलिस छात्रा की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। विद्यालय प्रबंधन की भूमिका और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version