Site icon khabar jharkhand

गलत लेन से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ली ASI राजेंद्र बैठा की जान, चालक फरार

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग के एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) की मौत हो गई। मेराल थाना में पदस्थापित एएसआई राजेंद्र बैठा की बाइक को डुमरो गांव के समीप एनएच-39 फोरलेन पर गलत लेन से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल एएसआई को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गलत लेन से आ रही स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, एएसआई राजेंद्र बैठा विभागीय कार्य से गढ़वा आए हुए थे। वह बाइक से जा रहे थे, तभी डुमरो गांव के पास विपरीत दिशा से गलत लेन में आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवशाद ने बताया कि घायल एएसआई को बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन अत्यधिक चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।

स्कॉर्पियो जब्त, चालक फरार

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एएसआई राजेंद्र बैठा के निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस एसोसिएशन और पुलिस मेंस एसोसिएशन ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है।

Exit mobile version