Site icon khabar jharkhand

तिलैया में देर रात फुटपाथ की दुकानों में लगी भीषण आग, 3 दुकानदारों को 5 लाख का नुकसान

कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। झंडा चौक के समीप रेलवे ब्रिज के नीचे फुटपाथ पर लगी जूते-चप्पलों की तीन दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में तीन दुकानदारों को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास की स्थायी दुकानें आग की चपेट में आने से बच गईं।

रात एक बजे अचानक धधकने लगी दुकानें

दुकानदार रुस्तम के अनुसार, वह अपने दो साथियों गुड्डू और चुन्नू के साथ पिछले कई वर्षों से रेलवे ब्रिज के नीचे फुटपाथ पर जूते-चप्पलों की दुकान लगाते हैं। रोजाना की तरह बुधवार रात दुकानदारी खत्म करने के बाद तीनों ने जूते-चप्पलों को चारपाई पर रखकर प्लास्टिक के तिरपाल से ढक दिया था। इसके बाद वे वहीं सो गए। उनका एक भाई अफजल भी घटनास्थल पर मौजूद था।

रात करीब एक बजे अचानक जलने की गंध आने पर अफजल की नींद खुली। उसने देखा कि दुकानों में रखे जूते-चप्पलों में आग लगी हुई है। उसने तुरंत फोन कर रुस्तम और अन्य भाइयों को इसकी जानकारी दी।

दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही रुस्तम ने अग्निशमन विभाग को फोन किया और खुद भी मौके पर पहुंच गया। रुस्तम और उसके भाइयों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल रही थी। कुछ देर बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक तीनों दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो चुका था।

करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान

दुकानदार रुस्तम के मुताबिक, इस अगलगी में तीनों दुकानदारों को मिलाकर करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

जिस स्थान पर आग लगी थी, उसके आसपास कई अन्य फुटपाथी दुकानें और स्थायी दुकानें भी मौजूद हैं। समय रहते दमकल की टीम के पहुंचने और आग पर काबू पाने से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी। यदि आग फैलती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Exit mobile version