Site icon khabar jharkhand

रांची रेल मंडल और स्टेकहोल्डर्स की समन्वय बैठक, पार्सल सह किसान एक्सप्रेस पर बनी सहमति

Ranchi Rail Board and Stakeholders coordination meeting agreed on parcel cum Kisan Express

Ranchi Rail Board and Stakeholders coordination meeting agreed on parcel cum Kisan Express


रांची:

रेलवे में माल ढुलाई की क्षमता में वृद्धि करने को लेकर रांची रेल मंडल के DRM प्रदीप गुप्ता की अध्यक्षता में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ काॅमर्स एण्ड इन्डस्ट्रीज की बैठक मंडल कार्यालय, हटिया में संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित फेडरेशन चैंबर के पदाधिकारियों तथा व्यवसायियों ने भावी लदान करने में आनेवाली कठिनाई पर चर्चा की एवं उनके निदान के लिए अपने सुझाव दिये।

चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबडा ने माल ढुलाई के साथ ही यात्री सुविधाओं में बढोत्तरी से संबंधित DRM को विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में मुख्यतः लोहरदगा-रांची होते हुए हावडा-संतरागाछी तथा रांची-लोहरदगा-टोरी-गढ़वा रेणुकूट चोपन, सोनभद्र होते हुए दिल्ली के लिए एक पार्सल सह किसान एक्सप्रेस का परिचालन प्रांरभ करने, माल की सुगम बुकिंग हेतु स्थानीय ट्रांस्पोटर्स को एजेंसी के रूप में अधिकृत करने, नामकोम, टाटीसिलवे और हटिया रेलवे स्टेशनों पर अवस्थित संरचना को आज और भविष्य की आवश्यकतानुसार अपर्याप्त बताते हुए गुड्स शेड का विस्तार और आवश्यकतानुसार नये गुड्स शेड का निर्माण कराने, रेलवे साइडिंग में एप्रोच रोड की मरम्मती तथा रांची रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर पर ओल्ड एप्रोच रोड का चौड़ीकरण एवं नये एप्रोच रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ करना सम्मिलित है। यात्री सुविधाओं में बढोत्तरी से संबंधित बिंदुओं पर भी प्रमुखता से चर्चा की गई। चर्चाओं में मुख्यतः ट्रेन संख्या 13025/13026 को चंद्रपुरा के बाद वाया बोकारो स्टील सिटी, रांची, लोहरदगा होते हुए टोरी में मिला दिये जाने, रांची-चोपन इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन लोहदरगा-टोरी नई रेलवे लाइन से परिचालित करने के साथ ही रेलवे बोर्ड द्वारा अनुशंसित ट्रेनों यथा -रांची-सूरत अहमदाबाद को शीघ्र प्रारंभ करना सम्मिलित है। इसी प्रकार कुछ प्रमुख ट्रेनों को रांची-हटिया तक विस्तारित करने का भी सुझाव दिया गया।

माल ढुलाई में आनेवाली कठिनाईयों पर रांची रेल मंडल के उच्चाधिकारियों द्वारा स्टेकहोल्डर्स को यह भरोसा दिलाया गया कि उनकी समस्याओं के उचित समाधान के साथ ही रेलवे की तरफ से उन्हें हरसंभव सहायता दी जायेगी। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के समन्वयक सीनियर डीसीएम सह CPRO श्री अवनीश तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डाॅ0 देवराज बनर्जी ने उद्यमियों को रेलवे द्वारा लदान तथा अनलोडिंग में दी जा सकनेवाली सहायताओं के बारे में भी बताया। सब्जी एवं अन्य कमोडिटी के सुगम परिचालन हेतु पार्सल सह किसान एक्सप्रेस चलाने तथा स्थानीय ट्रांस्पोटर्स को बतौर एजेंसी अधिकृत करने के सुझाव पर उन्होंने सब्जी, फूल, ऑटोमोबाइल एवं अन्य कमोडिटी के सप्लायर, कृषकों एवं ट्रांस्पोर्ट एसोसियेशन के सदस्यों की एक संयुक्त बैठक चैंबर भवन में आयोजित करने का आग्रह किया जिसपर चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबडा ने सहमति जताई। यह भी कहा गया कि एजेंसी के लिए ईच्छुक ट्रांस्पोटर्स को रेलवे से समन्वय बनाकर माल ढुलाई में वृद्धि के प्रयासों को अवश्य ही गति दी जायेगी।

चैंबर के रेलवे उप समिति चेयरमेन सह डीआरयूसीसी सदस्य नवजोत अलंग ने कहा कि शीघ्र ही चैंबर द्वारा रांची रेल मंडल के उच्चाधिकारियों की उपस्थिति में कृषकों, फ्लावरिस्ट, ऑटोमोबाइल डिलर्स, ट्रांस्पोटर्स तथा लेबर यूनियन की एक संयुक्त बैठक चैंबर भवन में आयोजित की जायेगी।

बैठक में चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबडा, उपाध्यक्ष धीरज तनेजा, महासचिव राहुल मारू, रेलवे उप समिति चेयरमेन नवजोत अलंग, निवर्तमान अध्यक्ष कुणाल अजमानी, जेडआरयूसीसी सदस्य आदित्य मल्होत्रा, सदस्य अरूण जोशी के अलावा रांची रेल मंडल की ओर से सीनियर डीओएम आदित्य चौधरी, सीनियर डीसीएम सह सीपीआरओ श्री अवनीश, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डाॅ0 देवराज बनर्जी, एडीआरएम (ऑपरेशन) मदनमोहन पंडित सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version