Site icon khabar jharkhand

रांची में 12 फीट की स्वर्णमयी मां काली की प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र, कथकली थीम पर सजेगा भव्य पंडाल

45 वर्षों से जारी है न्यू काली पूजा समिति की परंपरा, 15 लाख रुपये होंगे खर्च; 8 से 13 नवंबर तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन

रांची। राजधानी रांची के डोरंडा स्थित काली मंदिर रोड में न्यू काली पूजा समिति की ओर से इस वर्ष मां काली पूजा का 45वां वार्षिक महोत्सव धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस बार पूजा पंडाल को दक्षिण भारत की प्रसिद्ध कथकली कला और केरल की समृद्ध संस्कृति की थीम पर सजाया जा रहा है। पंडाल का आकर्षण 12 फीट ऊंची स्वर्णमयी मां काली की भव्य प्रतिमा होगी। पूजा आयोजन पर समिति की ओर से करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है।

समिति के अध्यक्ष शंभू गुप्ता ने बताया कि पिछले 45 वर्षों से मां काली की पूजा पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ की जा रही है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए भव्य पंडाल, आकर्षक दरबार, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष व्यवस्था की गई है।

8 नवंबर को होगा पूजा पंडाल का उद्घाटन

पूजा महोत्सव की शुरुआत 8 नवंबर को होगी। रांची के संतों द्वारा विधिवत पूजा पंडाल का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर शहर के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहेंगे। रात 10 बजे से मध्यरात्रि के बाद तक मां काली की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

9 नवंबर को राधा नाम संकीर्तन और भोग-प्रसाद

9 नवंबर को मां की नित्य पूजा के बाद दोपहर 1 बजे भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच भोग-प्रसाद का वितरण होगा। इस दौरान इस्कॉन राधा-कृष्ण मंदिर से जुड़े भक्तों द्वारा राधा नाम संकीर्तन और भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

10 और 11 नवंबर को भी मां की पूजा-अर्चना, दर्शन, भजन-कीर्तन और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

12 नवंबर को महाभंडारा और महाआरती

12 नवंबर को महाभंडारा और भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। समिति की ओर से आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

13 नवंबर को निकलेगी विसर्जन शोभायात्रा

छह दिवसीय पूजा महोत्सव का समापन 13 नवंबर को भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ होगा। शाम 3 बजे मां की प्रतिमा गाजे-बाजे और जयकारों के बीच निर्धारित मार्ग से बटन तालाब, डोरंडा के लिए रवाना होगी। वहां विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

बच्चों के लिए लगेगा भव्य मेला

पूजा परिसर में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए भव्य मेले का भी आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न खेलों और खान-पान के स्टॉल लगाए जाएंगे। समिति ने शहरवासियों से सपरिवार पहुंचकर मां काली का दर्शन करने और पूजा महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।

पूजा आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष शंभू गुप्ता, महामंत्री अजय घोष, संरक्षक टापू घोष और नवरत्न कुमार बाली समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Exit mobile version