Site icon khabar jharkhand

24 मार्च से शुरू होगी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा

Matriculation and Intermediate examination will start from March 24

Matriculation and Intermediate examination will start from March 24

राँची:

मैट्रिक में 36184 और इंटरमीडिएट में 34926 परीक्षार्थी होंगे शामिल

उपायुक्त रांची छवि रंजन की अध्यक्षता में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के सफल संचालन को लेकर बैठक हुई। समाहरणालय ब्लॉक बी स्थित कमरा संख्या 505 में आयोजित बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला के सभी परीक्षा केन्द्राधीक्षक एवं अन्य संबधित पदधिकारी उपस्थित थे।

परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी दी। उपायुक्त छवि रंजन ने आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए जैक द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की बात कही।

समाहरणालय में बैठक करते राँची उपायुक्त

सीसीटीवी कैमरे की जांच कर लें- उपायुक्त

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी केंद्र अधीक्षकों से कहा कि अपने केंद्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे की जांच कर लें कि वह कार्य कर रहे हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि कैमरे खराब होने की जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी को दें।

कदाचार होने पर होगी सख्त कार्रवाई

छवि रंजन ने कहा कि स्वच्छ वातावरण में निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त परीक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी स्थिति में कदाचार की सूचना नहीं मिलनी चाहिए। औचक निरीक्षण के दौरान अगर कदाचार करते परीक्षार्थी पाए गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा परीक्षा हेतु प्रतिनियुक्त स्टैटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट विभागीय निर्देशों के अनुरूप कदाचार मुक्त परीक्षा का संचालन सुनिश्चित कराएं।

परीक्षा केंद्र में ना हो अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं अन्य कर्मचारियों का आईडी कार्ड होना अनिवार्य है। किसी भी परिस्थिति में अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश परीक्षा केंद्र में ना हो। अगर ऐसा होता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन करने का निदेश

उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि कोविड-19 प्रोटोकॉल ध्यान रखते हुए परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर किसी परीक्षार्थी में कोविड-19 के लक्षण दिखते हैं तो उनके लिए अलग रूम में परीक्षा की व्यवस्था करें और इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दें।

कोविड-19 टीकाकरण जरुरी

उपायुक्त ने कहा कि सभी केंद्र अधीक्षक परीक्षा कार्य में लगे सभी लोगों का कोविड टीकाकरण सर्टिफिकेट जांच करें। उन्होंने कहा कि बिना कोविड-19 वैक्सीनेशन के परीक्षा कार्य में लगे पदाधिकारी/कर्मी के खिलाफ डीएम एक्ट के तहत कार्रवाई की जायेगी।

मैट्रिक के लिए 105 और इंटरमीडिएट के लिए 57 परीक्षा केंद्र

आगामी 24 मार्च से शुरू हो रहे मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में क्रमशः 105 और 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस वर्ष वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में 36183 और इंटरमीडिएट परीक्षा में 34926 छात्र शामिल होंगे। बैठक में उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों में ससमय प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिका पहुँचाने हेतु सभी तैयारी पूर्व में ही पूर्ण कर लेने का निर्देश दिया।

Exit mobile version