रांची: झारखंड की औद्योगिक पहचान मानी जाने वाली हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) की बदहाल स्थिति को लेकर वामदलों ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी मुद्दे पर रांची स्थित सीपीआई कार्यालय में वामदलों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेताओं ने एचईसी की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
वामदल के नेताओं ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत और मजदूरों के कठिन परिश्रम से झारखंड में स्थापित एचईसी आज बंद होने के कगार पर पहुंच गई है। कंपनी की बदहाल स्थिति के कारण हजारों मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार की उदासीनता के कारण कंपनी लगातार आर्थिक संकट से जूझ रही है।
बैठक में नेताओं ने कहा कि एचईसी को बचाने के लिए मजदूरों के साथ-साथ राज्य के जनप्रतिनिधि भी सड़क से सदन तक आवाज उठाते रहे हैं। अब इस संघर्ष को और मजबूत करने के लिए वामदल एकजुट होकर आंदोलन को तेज करेंगे।
नेताओं ने कहा कि एचईसी को प्राथमिकता देकर छोटे-छोटे औद्योगिक उपकरणों के निर्माण के ऑर्डर भी दिए जाएं, तो हजारों मजदूरों की रोजी-रोटी बच सकती है। इससे झारखंड के औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।
बैठक में सीपीआई नेता अजय सिंह, सीपीएम नेता विप्लव प्रकाश और सीपीआई-एमएल नेता शुभेंदु सेन समेत अन्य लोग मौजूद रहे। नेताओं ने एचईसी को बचाने के लिए व्यापक आंदोलन चलाने की बात कही।

