Site icon khabar jharkhand

MMDR और SIR पर झारखंड में सियासी संग्राम, विशेष सत्र से पहले JMM और BJP में आरोप-प्रत्यारोप तेज

रांची। झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है। इस विशेष सत्र में MMDR कानून और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विरोध प्रस्ताव लाकर केंद्र सरकार को भेजने की तैयारी है। हालांकि, सत्र शुरू होने से पहले ही इन दोनों मुद्दों पर राज्य की राजनीति गरमा गई है। सत्ता पक्ष इसे झारखंड के हक और अधिकार की लड़ाई बता रहा है, जबकि बीजेपी ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता मनोज पांडे ने विशेष सत्र को राज्य के भविष्य और अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार MMDR कानून के जरिए झारखंड के अधिकारों को सीमित करने और SIR के माध्यम से आदिवासी-मूलवासियों के मताधिकार को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड अपने हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहेगा।

वहीं, बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने विशेष सत्र के औचित्य पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार MMDR कानून और SIR के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है। प्रतुल शाहदेव का कहना है कि MMDR कानून के सख्त प्रावधानों से अवैध खनन और कोयला चोरी पर लगाम लग सकती है। वहीं, SIR को लेकर उन्होंने कांग्रेस और JMM पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच विशेष सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। अब सबकी नजर विधानसभा की कार्यवाही और सदन में पेश होने वाले प्रस्तावों पर रहेगी।

Exit mobile version