जमशेदपुर: दीपावली और धनतेरस के मद्देनजर जमशेदपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। त्योहार के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और बढ़ते कारोबार को देखते हुए एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने गुरुवार को खुद मोर्चा संभाला। एसएसपी पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ बाइक पर सवार होकर शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख बाजारों, ज्वेलरी दुकानों, बैंकों, एटीएम केंद्रों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। एसएसपी ने अलग-अलग इलाकों में तैनात पुलिस बल की संख्या, गश्ती व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जा रही नजर की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
दरअसल, धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ जुटती है। खासकर सोने-चांदी की दुकानों और वित्तीय संस्थानों में नकद लेन-देन बढ़ जाता है। ऐसे में चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की है।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने प्रमुख बाजारों, सोने-चांदी की दुकानों और वित्तीय संस्थानों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही रात्रि गश्ती बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने को कहा। उन्होंने यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की, ताकि त्योहार के दौरान बाजारों में जाम और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन पूरी तैयारी के साथ काम कर रहा है, ताकि लोग शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।

