Site icon khabar jharkhand

सरला बिरला पब्लिक स्कूल में इन्फ़ॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (402) राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण सत्र का आयोजन

सीबीएसई द्वारा सरला बिरला पब्लिक स्कूल रांची में इन्फ़ॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (402) विषय पर एक राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। पूरे देश में सात स्थानों पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें 850 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। डॉ॰ विश्वजीत साहा (सीबीएसई के स्किल एजुकेशन एवं ट्रेनींग) ने सभा को संबोधित करते हुए इस कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि कौशल शिक्षा यानी स्किल बेस्ड लर्निंग एनईपी2020 के सिद्धांतों के अनुरूप है और हम सभी को इसे अपने मौजूदा पाठ्यक्रम में शामिल करना चाहिए। श्रीमती शालिनी हरिसुख, डीपीएस आरके पुरम, नई दिल्ली (कंप्यूटर विज्ञान संकाय) और श्रीमती लीला लखपाल, सेंट थॉमस स्कूल, द्वारका (कंप्यूटर विज्ञान संकाय) ने भी इस विषय पर अपने महत्वपूर्ण विचार रखें।
सीबीपी का उद्घाटन प्राचार्या श्रीमती परमजीत कौर ने रिसोर्स पर्सन्स के साथ किया। इस सत्र में झारखंड और बिहार से 302 शिक्षकों ने भाग लिया। सत्र में प्रतिभागियों को कौशल आधारित शिक्षा के महत्व तथा सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हुई प्रगति से अवगत कराया गया।
सत्र का उद्देश्य आज के इस डिजिटल युग में डिजिटल ज्ञान प्राप्त करना, उसका प्रयोग करना तथा अपने कौशलों को निखारना है ताकि सभी इसका बखूबी प्रयोग कर सकें।
सीबीएसई के स्किल एजुकेशन के जॉइंट सेक्रेटरी, श्री आर.पी. सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए, एनसीईआरटी पोर्टल पर सूचना प्रौद्योगिकी (402) की नई पुस्तकों की जानकारी दी।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती परमजीत कौर ने राष्ट्रीय स्तर के इस प्रकार के कार्यक्रम को विद्यालय में आयोजित करवाने के लिए सीबीएसई का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एनसीएफ, 2023 भी शिक्षकों को इस युग में डिजिटल ज्ञान प्राप्त करने तथा अपने कौशलों को बढ़ाने का पक्षधर है। अतः हम सभी का यह प्रयास होना चाहिए कि हम समय के अनुसार खुद को अपडेट रखें तथा अपने कौशलों को बढ़ाने की दिशा में प्रयासरत रहें।

Exit mobile version