गिरिडीह। शहर को स्वच्छ रखने में दिन-रात मेहनत करने वाले एक सफाईकर्मी को मौत के बाद भी सम्मानजनक व्यवस्था नहीं मिल सकी। गिरिडीह में एक दैनिक सफाईकर्मी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। लेकिन इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचाने में जिस वाहन का इस्तेमाल किया गया, उसने नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। सफाईकर्मी के शव को शव वाहन की जगह कचरा ढोने वाली गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना पर मेयर प्रमिला मेहरा ने कड़ी नाराजगी जताई है।
जानकारी के अनुसार, पचंबा थाना क्षेत्र के दुर्गा स्थान के पीछे स्थित रानी तालाब में पैर फिसलने से दैनिक सफाईकर्मी सोनू हाड़ी गहरे पानी में डूब गए। उनकी डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने पर मेयर प्रमिला मेहरा मौके पर पहुंचीं और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। शुरुआत में परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन समझाने के बाद वे इसके लिए सहमत हो गए।
इसी दौरान सोनू हाड़ी के शव को कचरा ढोने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल ले जाने का मामला सामने आया। इस पर मेयर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे घोर लापरवाही बताया। उन्होंने इस संबंध में नगर आयुक्त से बात करने की बात कही।
शव वाहन उपलब्ध होने के बावजूद कचरा गाड़ी का इस्तेमाल क्यों?
इस घटना के बाद नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जब शव ले जाने के लिए शव वाहन उपलब्ध हैं, तो सफाईकर्मी के शव को कचरा ढोने वाली गाड़ी से अस्पताल क्यों पहुंचाया गया? आखिर इस लापरवाही की जिम्मेदारी किसकी है? फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

