राँची: AI के दौर में सिर्फ पढ़ाई नहीं, हुनर भी जरूरी है। बदलती तकनीक के साथ युवाओं को अपने कौशल में भी बदलाव लाना होगा। यह बात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राँची के एचईसी परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।
झारखंड सरकार के कौशल विकास प्रयासों के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के बीच कुल 3,044 युवाओं को रोजगार मिला है। इनमें कल्याण गुरुकुल के 2,014, नर्सिंग कौशल कॉलेज के 746 और आईटीआई कौशल कॉलेज के 284 युवा शामिल हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के हुनर को निखारकर उन्हें देश और विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज का दौर तेजी से बदल रहा है। AI और नई तकनीकों के बढ़ते प्रभाव के बीच युवाओं को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल पर भी ध्यान देना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ नई तकनीक को अपनाना जरूरी है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस पहल के तहत अब तक 40 हजार युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इनमें अकेले कल्याण गुरुकुल के 32,131 युवा शामिल हैं। समारोह में मंत्री चमरा लिंडा और हफीजुल हसन भी मौजूद रहे।

