Site icon khabar jharkhand

हजारीबाग में जाम से मिलेगी राहत! तीन प्रमुख चौकों पर वन-वे व्यवस्था का ट्रायल शुरू, बदला वाहनों का रूट

हजारीबाग: शहर में लगातार लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने नई पहल की है। शनिवार से शहर के तीन प्रमुख चौकों बुढ़वा महादेव चौक, गाड़ीखाना चौक और बंशीलाल चौक को जोड़कर वन-वे यातायात व्यवस्था का ट्रायल शुरू किया गया है। इस व्यवस्था के तहत वाहनों के परिचालन का रूट बदला गया है, ताकि प्रमुख सड़कों पर जाम का दबाव कम किया जा सके।

सीसीआर डीएसपी एकरामुल हक ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत बुढ़वा महादेव चौक से आने वाले वाहन अब सीधे बंशीलाल चौक की ओर नहीं जा सकेंगे। उन्हें पहले गाड़ीखाना चौक और फिर बंशीलाल चौक होकर आगे बढ़ना होगा। वहीं, झंडा चौक से बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहनों को बंशीलाल चौक से बाएं मुड़कर गाड़ीखाना चौक और बुढ़वा महादेव चौक होते हुए पुराने बस स्टैंड की ओर जाना होगा।

अस्पताल के पास बनेगी पार्किंग, सड़क से हटेंगे वाहन

महापौर अरविंद राणा ने बताया कि फिलहाल वन-वे व्यवस्था को परीक्षण के तौर पर लागू किया गया है। ट्रायल के दौरान इसके परिणामों का आकलन किया जाएगा। यदि व्यवस्था सफल रहती है तो शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी वन-वे सिस्टम लागू करने पर विचार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों को हटाकर अस्पताल के पास तैयार की गई पार्किंग में लगवाया जाएगा। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

ऑटो चालकों को चेतावनी, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को भी सख्त चेतावनी दी है। डीएसपी एकरामुल हक ने कहा कि ऑटो चालक सड़क पर कहीं भी वाहन रोककर सवारी न चढ़ाएं और न उतारें। बिना नंबर प्लेट वाले ऑटो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम लोगों से भी नई यातायात व्यवस्था का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है।

प्रशासन का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगे भी जाम वाले मार्गों को चिह्नित किया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से जरूरी बदलाव किए जाएंगे।

Exit mobile version