Site icon khabar jharkhand

JPSC-JSSC को लेकर हजारीबाग में छात्रों का महाजुटान, आंदोलन 2.0 की शुरुआत; फिर बढ़ेगा छात्र आंदोलन

हजारीबाग: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवाद और नियुक्तियों में देरी को लेकर छात्र एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने आंदोलन के दूसरे चरण ‘आंदोलन 2.0’ की शुरुआत हजारीबाग से करने का ऐलान किया है। इसके तहत 22 नवंबर को हजारीबाग में छात्र महापंचायत आयोजित की जा रही है।

छात्र प्रतिनिधियों के अनुसार, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच, सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति और परीक्षा व्यवस्था में सुधार उनकी प्रमुख मांगें हैं। मंच का आरोप है कि पूर्व में आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी ठोस पहल नहीं हुई।

छात्र नेताओं ने कहा कि अब आंदोलन को केवल रांची तक सीमित नहीं रखा जाएगा। राज्य के पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित कर अभ्यर्थियों को एकजुट किया जाएगा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

मंच ने परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच, भर्ती एजेंसियों में सुधार, नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी करने और खाली पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग उठाई है।

हजारीबाग में आयोजित महापंचायत के बाद छात्र आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। अब देखना होगा कि छात्रों की इन मांगों पर राज्य सरकार और संबंधित आयोग क्या कदम उठाते हैं।

Exit mobile version