हजारीबाग: जिले के ईचाक प्रखंड की डुमरौन पंचायत में पंचायत प्रतिनिधियों के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। पंचायत के वार्ड सदस्यों ने प्रभारी मुखिया मनोज प्रसाद मेहता पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला उपायुक्त को लिखित आवेदन सौंपा है। वार्ड सदस्यों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और प्रभारी मुखिया को पद से हटाने की मांग की है।
वार्ड सदस्यों के अनुसार, पंचायत के पूर्व मुखिया चौहन महतो के आकस्मिक निधन के बाद उप मुखिया मनोज प्रसाद मेहता को मुखिया पद का प्रभार सौंपा गया था। आरोप है कि प्रभार मिलने के बाद से पंचायत में संचालित विकास योजनाओं और अन्य कार्यों की जानकारी वार्ड सदस्यों को नहीं दी जा रही है। इससे पंचायत प्रतिनिधियों के बीच असंतोष बढ़ता जा रहा है।
वार्ड सदस्यों ने आरोप लगाया है कि पंचायत कार्यकारिणी की बैठक में जिन योजनाओं को पारित किया जाता है, उन्हें पहले रजिस्टर में दर्ज किया जाता है, लेकिन बाद में उनमें बदलाव कर दिया जाता है। इतना ही नहीं, आरोप है कि योजनाओं को दूसरे स्थान पर ऑनलाइन दर्ज कराकर बिचौलियों को लाभुक बनाते हुए कार्यान्वयन कराया जा रहा है।
आवेदन में प्रभारी मुखिया पर वार्ड सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार करने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है। वार्ड सदस्यों का कहना है कि जब वे पंचायत के कार्यों को लेकर सवाल करते हैं, तो उन्हें कथित तौर पर यह कहकर जवाब दिया जाता है कि ‘तुम लोग हमारा मालिक नहीं हो, जाओ हमारा कुछ बिगाड़ नहीं पाओगे, मेरा पहुंच ऊपर तक है।’
इन आरोपों से नाराज वार्ड सदस्यों ने उपायुक्त से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रभारी मुखिया को तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग उठाई है।
फिलहाल, डुमरौन पंचायत का यह मामला प्रशासन तक पहुंच गया है। अब देखना होगा कि उपायुक्त इस शिकायत पर क्या संज्ञान लेते हैं और जांच के बाद आगे क्या कार्रवाई की जाती है। हालांकि, प्रभारी मुखिया का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

