Site icon khabar jharkhand

रांची की हरमू नदी का होगा कायाकल्प, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, सफाई और सुंदरीकरण में तेजी लाने का निर्देश

रांची। राजधानी रांची की हरमू नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। वार्ड संख्या 23 में नदी तट के सुंदरीकरण और जीर्णोद्धार कार्यों का शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सफाई, अतिक्रमण हटाने और सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

नगर आयुक्त ने निगम की टीम के साथ कडरू मार्ग से लाला लाजपत राय स्कूल के आगे तक हरमू नदी तट का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नदी में जल प्रवाह, कचरे का जमाव, अतिक्रमण और आसपास की नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी गई।

नदी किनारे लगेगा सुरक्षा घेरा, होगा सौंदर्यीकरण

अभियंत्रण शाखा के अधिकारियों ने बताया कि नदी तट के आसपास बोल्डर ब्लॉक लगाकर पेंटिंग कराने और पुल के दोनों ओर जालीनुमा घेराबंदी का काम प्रक्रियाधीन है। इससे नदी में कचरा फेंकने और आसपास गंदगी फैलाने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। नगर आयुक्त ने सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

20 श्रमिक और मशीनों से हो रही नदी की सफाई

हरमू नदी की सफाई के लिए फिलहाल मुख्यमंत्री श्रमिक योजना (MSY) के 20 श्रमिक लगाए गए हैं। इसके अलावा दो पोकलेन मशीन और एक ड्रेन मास्टर मशीन से लगातार सफाई की जा रही है। नगर आयुक्त ने DAY-NULM टीम को अतिरिक्त श्रमिक जोड़ने और सफाई अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही नदी किनारे आकर्षक पौधारोपण और ग्रीन पैच विकसित करने को कहा।

अतिक्रमण हटेगा, लगेंगी हाई मास्ट लाइट

नदी तट को अतिक्रमण मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए इनफोर्समेंट शाखा को अवैध व्यावसायिक गतिविधियां तत्काल बंद कराने तथा अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, बेहतर रोशनी के लिए विद्युत शाखा को हाई मास्ट लाइट लगाने को कहा गया।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि हरमू नदी शहर के पर्यावरण और नागरिक जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधन है। इसके संरक्षण, स्वच्छता और सुंदरीकरण के लिए सभी संबंधित शाखाएं आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने कहा कि आगे हरमू नदी के व्यापक जीर्णोद्धार और विकास की योजना को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version