Site icon khabar jharkhand

मुंह से लिखकर फैजानुल्लाह ने मैट्रिक में हासिल किए 93.8% अंक, CM हेमंत सोरेन ने बढ़ाया हौसला

रांची: झारखंड के गोड्डा जिले के दिव्यांग छात्र मोहम्मद फैजानुल्लाह ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति से ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गया है। सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित फैजानुल्लाह ने दांतों से पेन पकड़कर मुंह से लिखते हुए झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा-2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनकी इस असाधारण सफलता की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा में उनसे मुलाकात की।

इस दौरान फैजानुल्लाह ने मुख्यमंत्री को अपनी शारीरिक स्थिति और पढ़ाई के संघर्ष के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित होने के बावजूद वह मुंह से लिखकर पढ़ाई करते हैं और परीक्षाएं भी इसी तरह देते हैं। उनका नामांकन गोड्डा के यूएचएस शिवाजीनगर में रहा है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फैजानुल्लाह की उपलब्धि और शिक्षा के प्रति उनके जज्बे की जमकर सराहना की। उन्होंने छात्र को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार की ओर से उनकी शिक्षा और भविष्य के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फैजानुल्लाह की सफलता केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। यह उपलब्धि बताती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और उचित अवसर मिलने पर दिव्यांग बच्चे भी बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।

होम बेस्ड एजुकेशन से पूरी की पढ़ाई

फैजानुल्लाह की शिक्षा झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत होम बेस्ड एजुकेशन (HBE) के माध्यम से संचालित हुई। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और संकल्प से मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर असाधारण उपलब्धि दर्ज की है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। फैजानुल्लाह की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रतिभा किसी शारीरिक बाधा की मोहताज नहीं होती।

Exit mobile version