Site icon khabar jharkhand

नीमडीह में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार चुलाई भट्टियां ध्वस्त

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगीलोंग और पुरियारा में छापेमारी अभियान चलाकर चार अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान करीब 4,200 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया, जबकि 45 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।

जिला उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में नीमडीह के अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी भी मौजूद रहे। छापेमारी दल ने दोनों स्थानों पर अवैध रूप से संचालित शराब निर्माण केंद्रों की जांच की और भट्टियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया।

कार्रवाई के दौरान छापेमारी दल को देखते ही भट्टी संचालक मौके से फरार हो गए। उत्पाद विभाग की ओर से इस अवैध कारोबार में संलिप्त बताए गए मधु गोप, मेघा गोप, महादेव गोप और श्रीराम गोप के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है। प्रशासन ने आम लोगों से भी अवैध शराब के कारोबार की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करने की अपील की है।

Exit mobile version