सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी कार्यालय परिसर में सोमवार को हाथियों के हमले में मृत और घायल हुए लोगों के परिजनों को मुआवजे की बकाया राशि का चेक सौंपा गया। दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के डीएफओ सवा आलम अंसारी, चांडिल रेंज के रेंजर सुरेंद्र गोप और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से पीड़ित परिवारों को सहायता राशि प्रदान की।
इस दौरान हाथियों के हमले में जान गंवाने वाले चार लोगों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये के हिसाब से कुल 16 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया। वहीं, पांच घायलों को अलग-अलग राशि में कुल 3 लाख 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इस तरह मृतकों और घायलों के परिजनों के बीच कुल 19 लाख 75 हजार रुपये का मुआवजा वितरित किया गया। इसके अलावा हाथी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच सोलर लैंप भी बांटे गए।
पति की मौत के बाद परिवार चलाना मुश्किल, रोजगार के लिए लगाई गुहार
मुआवजा वितरण के दौरान एक पीड़ित परिवार की दर्दभरी गुहार ने सभी का ध्यान खींचा। हाथी के हमले में पति को खो चुकी उमावती गोराई ने विधायक सविता महतो से रोजगार दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पति की मौत के बाद तीन छोटे बच्चों के साथ परिवार चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। खेती-बाड़ी में भी काम नहीं मिल रहा है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्हें झाड़ू-पोंछा का ही काम मिल जाए तो वह परिवार का भरण-पोषण कर लेंगी। इस पर विधायक ने मदद का आश्वासन दिया।
हाथी प्रभावित क्षेत्रों में बढ़ाई जाएंगी क्विक रिस्पांस टीमें
विधायक सविता महतो ने कहा कि सरकार हाथियों के बढ़ते उपद्रव को लेकर गंभीर है। प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और बचाव के लिए टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और पत्रकारों के माध्यम से हाथियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने से लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सकता है।
वहीं, दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के डीएफओ सवा आलम अंसारी ने बताया कि पिछले एक वर्ष में हाथियों के हमले में करीब पांच लोगों की मौत हुई है। इनमें से एक मृतक के परिजनों को पहले ही मुआवजा दिया जा चुका था। शेष चार मृतकों के आश्रितों को सोमवार को मुआवजा दिया गया। पांच घायलों को भी सहायता राशि सौंपी गई।
उन्होंने बताया कि हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने से रोकने और उन्हें सुरक्षित जंगलों की ओर खदेड़ने के लिए अब दो क्विक रिस्पांस टीम बनाई गई हैं। पहले एक टीम में छह लोग थे, लेकिन अब दो टीमों में कुल 12 कर्मियों को लगाया गया है। सभी फॉरेस्ट गार्ड और रेंज अधिकारी हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उन्हें जंगलों तक सीमित रखने का प्रयास कर रहे हैं।
दलमा में हाथियों के आने-जाने के कॉरिडोर को किया जा रहा दुरुस्त
डीएफओ ने बताया कि हाथियों के आने के दो प्रमुख रास्ते हैं। एक रास्ता बंगाल-घाटशिला की तरफ से आता है, जबकि दूसरा चांडिल-माठा कॉरिडोर है। घाटशिला की तरफ से आने वाले रास्ते में कुछ अवरोध उत्पन्न हो गया था, जिसे हटाने का प्रयास किया जा रहा है। भारत सरकार की ओर से भी इस संबंध में निर्देश मिले हैं।
चांडिल-माठा कॉरिडोर पर भी काम किया जा रहा है। इसके साथ ही जंगलों को और समृद्ध बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं, ताकि हाथियों की आवाजाही प्राकृतिक कॉरिडोर के माध्यम से हो सके और ग्रामीण इलाकों में उनके प्रवेश से होने वाली जान-माल की क्षति को कम किया जा सके। डीएफओ ने बताया कि पूरे झारखंड में करीब 230 क्विक रिस्पांस टीमें कार्यरत हैं। हाथियों को नियंत्रित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने के लिए कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

