रांची: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही राजधानी रांची में पिकनिक और सैर-सपाटे का दौर भी शुरू हो गया है। शहर का धुर्वा डैम इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां स्टीमर और बोटिंग का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। लेकिन इसी बीच धुर्वा डैम में बोटिंग संचालन को लेकर विवाद गहराने लगा है। दो पक्षों के बीच संचालन के अधिकार को लेकर खींचतान जारी है। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा और बोटिंग की जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बोटिंग संचालन के अधिकार को लेकर दो पक्ष आमने-सामने
दरअसल, पर्यटन विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से बोटिंग संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पिछले कई वर्षों से स्थानीय स्तर पर बोटिंग का संचालन कर रहे लोग भी अपना अधिकार जता रहे हैं। हाल ही में 14 नवंबर से दूसरे पक्ष की ओर से बोटिंग संचालन शुरू किए जाने के बाद विवाद और गहरा गया है। दोनों पक्ष खुद को सही और वैध संचालक बता रहे हैं।
इस विवाद को लेकर कांट्रेक्टर विकास तिर्की और ग्राम समिति से जुड़े विक्की कच्छप ने अपना-अपना पक्ष रखा है।
पर्यटकों की सुरक्षा पर सबसे बड़ा सवाल
बोटिंग संचालन को लेकर जारी विवाद के बीच सबसे महत्वपूर्ण सवाल पर्यटकों की सुरक्षा का है। डैम में बोटिंग के दौरान किसी अनहोनी की स्थिति में जिम्मेदारी किसकी होगी, यह स्पष्ट होना जरूरी है। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने लाइफ जैकेट और रेस्क्यू टीम की व्यवस्था होने का दावा किया है। हालांकि, संचालन को लेकर विवाद के बीच सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक जवाबदेही तय करना प्रशासन के लिए अहम चुनौती है।
पर्यटन विभाग की कार्रवाई पर टिकी नजर
फिलहाल धुर्वा डैम में पर्यटकों की आवाजाही और बोटिंग का रोमांच जारी है, लेकिन संचालन के अधिकार को लेकर विवाद का समाधान नहीं निकल पाया है। अब देखना होगा कि पर्यटन विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और दोनों पक्षों के बीच जारी विवाद को कैसे सुलझाया जाता है।
धुर्वा डैम रांची के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना रहा है। ऐसे में यहां बोटिंग संचालन में पारदर्शिता, सरकारी राजस्व और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

