रांची। चक्रवातीय तूफान अकवान का असर झारखंड के मौसम पर देखने को मिल रहा है। शनिवार को राज्य के कई जिलों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को रांची समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी एससी मंडल ने बताया कि चक्रवातीय तूफान अकवान अब कमजोर हो चुका है, लेकिन रविवार और सोमवार को इसका आंशिक असर देखने को मिल सकता है। सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार से मौसम साफ होने लगेगा। दिन के तापमान में सामान्य स्थिति बनी रहेगी, जबकि सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा। तापमान में गिरावट के कारण लोगों को सुबह और शाम हल्की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

