Site icon khabar jharkhand

देवघर में स्थापना दिवस पर स्वच्छता का संदेश, 15 नवंबर को ‘Run For Cleanliness’ दौड़ का आयोजन

देवघर। झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर देवघर में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। 15 नवंबर को सुबह 7 बजे ‘Run For Cleanliness’ दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और स्वच्छ देवघर का संदेश देने की पहल की जा रही है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्वच्छता दौड़ इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर जलसार तालाब तक पहुंचेगी। इस दौरान शहर के प्रमुख छठ घाटों और जलसार तालाब में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान के तहत घाटों की साफ-सफाई और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अभियान के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने स्कूली बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सामूहिक प्रयास से ही देवघर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

Exit mobile version