Site icon khabar jharkhand

बेरमो में CISF की बड़ी कार्रवाई, 38.820 टन अवैध कोयला बरामद; कोयला लदी पिकअप जब्त

बेरमो: कोयले की अवैध निकासी और तस्करी के खिलाफ CISF ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत जवानों ने दो अलग-अलग अभियानों में बैदकारो माइंस क्षेत्र से 38.820 टन अवैध कोयला बरामद किया। वहीं, ढोरी खास के पास कोयला लदी एक पिकअप वैन जब्त की गई। जवानों को देखते ही वाहन चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया।

कमांडेंट राजप्रताप सिंह, उप कमांडेंट गारा अभिलाष और सहायक कमांडेंट धनंजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में CISF की रेड टीम, आसूचनाकर्मियों और CCL सुरक्षाकर्मियों ने B&K एरिया के DCCPCL बैदकारो माइंस क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित 38.820 टन कोयला बरामद किया गया। बरामद कोयला CCL प्रबंधन को सौंप दिया गया।

तड़के 3:50 बजे पिकअप छोड़कर भागा चालक

दूसरी कार्रवाई खेतको बस्ती से अवैध कोयला परिवहन की सूचना पर की गई। CISF ने चरकपनिया, खेतको, चलकारी, ढोरी खास और कल्याणी समेत संवेदनशील इलाकों में एरिया डोमिनेशन और एम्बुश अभियान चलाया।

इसी दौरान तड़के करीब 3:50 बजे ढोरी खास के पास खेतको की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप (JH 01CL 3168) को रोकने का प्रयास किया गया। जवानों को देखते ही चालक वाहन सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान पिकअप में कोयला लदा मिला। वाहन और कोयले को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल कोयले की मात्रा और कीमत का आकलन किया जा रहा है।

कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने किया विरोध

कार्रवाई के दौरान मौके पर 20 से 40 स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और विरोध करने लगी। हालांकि, CISF जवानों ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा और जब्ती की कार्रवाई पूरी की।

मामले में MMDR अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। CISF ने स्पष्ट किया है कि कोयले की अवैध निकासी और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Exit mobile version