बोकारो। बोकारो के चास थाना क्षेत्र स्थित पत्थरकट्टा साइड में शनिवार दोपहर स्कूल बस और टोटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में सात वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र की पहचान आदर्श कुमार के रूप में हुई है। वह पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के रामडीह गांव निवासी अनिल महतो का पुत्र है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे पत्थरकट्टा साइड में यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि डीपीएस चास की स्कूल बस और ज्ञान दर्शन पब्लिक स्कूल से छुट्टी के बाद छात्रों को लेकर लौट रहे टोटो के बीच टक्कर हो गई।
दुर्घटना में टोटो सवार आदर्श कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आक्रोश जताया। फिलहाल हादसे के कारणों और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पक्ष को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

