Site icon khabar jharkhand

साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर बोकारो पुलिस की पहल, स्कूली बच्चों और स्वास्थ्यकर्मियों को किया जागरूक

बोकारो। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बोकारो में साइबर अपराध, साइबर ट्रैफिकिंग और महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा और मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के साथ सहिया और नर्सिंग स्टाफ ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को साइबर अपराध के अलग-अलग तरीकों, ऑनलाइन ठगी, साइबर धोखाधड़ी और साइबर ट्रैफिकिंग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क और जागरूक रहना बेहद जरूरी है।

एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। जब तक समाज का प्रत्येक व्यक्ति साइबर अपराध के तरीकों और उससे बचने के उपायों को नहीं समझेगा, तब तक अपराधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाना मुश्किल होगा।

उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चे, सहिया और नर्सिंग स्टाफ समाज के बीच जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं। इसी उद्देश्य से उन्हें साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे कार्यक्रम में मिली जानकारी को अपने परिवार, परिचितों और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके।

कार्यक्रम के माध्यम से बोकारो पुलिस ने लोगों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

Exit mobile version