धनबाद: झारखंड के धनबाद में ब्लिंकिट डिलीवरी राइडरों के पे आउट यानी डिलीवरी भुगतान बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध तेज हो गया है। सोमवार को धनबाद के नवाडीह बारामुड़ी स्थित ब्लिंकिट स्टोर में यूथ कांग्रेस और डिलीवरी राइडरों ने तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया। स्टोर में तालाबंदी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी राइडरों का आरोप है कि कंपनी की शुरुआत में उन्हें प्रति किलोमीटर 13 रुपये के हिसाब से भुगतान मिलता था, लेकिन पिछले दो से तीन महीनों में पे आउट की दर घटाकर 7 रुपये कर दी गई है। राइडरों का कहना है कि भुगतान में इस कटौती से उनकी आमदनी पर सीधा असर पड़ा है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और वाहन के रखरखाव का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
राइडरों के मुताबिक, धनबाद में ब्लिंकिट के कुल सात स्टोर संचालित हैं, जहां 800 से अधिक डिलीवरी राइडर काम करते हैं। पे आउट में कटौती का असर बड़ी संख्या में कामगारों की रोजी-रोटी पर पड़ रहा है। राइडरों की मांग है कि कंपनी पुराने भुगतान सिस्टम को बहाल करे और उनकी मेहनत के अनुरूप डिलीवरी का भुगतान बढ़ाया जाए।
वहीं, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आदित्य आनंद ने कहा कि पिछले तीन दिनों से ब्लिंकिट वर्करों के समर्थन में लगातार आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इसी वजह से सोमवार को मजबूर होकर नवाडीह स्थित ब्लिंकिट स्टोर में तालाबंदी कर विरोध जताना पड़ा।
इधर, ब्लिंकिट स्टोर मैनेजमेंट का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी और मौजूदा स्थिति से संबंधित पत्र अपने वरीय अधिकारियों को भेज दिया गया है। प्रबंधन की ओर से फिलहाल आगे की कार्रवाई को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य आनंद ने चेतावनी दी कि यदि डिलीवरी राइडरों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो ब्लिंकिट कंपनी की नीतियों के खिलाफ पूरे झारखंड में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिलीवरी राइडरों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

