Site icon khabar jharkhand

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के खिलाफ भाजयुमो का हल्लाबोल, टावर चौक पर दिया धरना

गिरिडीह। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार, 28 नवंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने गिरिडीह के टावर चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। भाजयुमो गिरिडीह महानगर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पत्रकार की गिरफ्तारी पर कड़ा विरोध जताया।

धरना में शामिल भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पत्रकार अभिषेक भारती को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजा गया है। उन्होंने इस कार्रवाई को स्वतंत्र पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला करार दिया। नेताओं का कहना था कि लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि सच्चाई सामने लाने वाले पत्रकारों को ही जेल भेजा जाएगा, तो निष्पक्ष पत्रकारिता कैसे संभव होगी?

भाजयुमो नेताओं ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पत्रकार अभिषेक भारती को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और पत्रकारों की स्वतंत्रता सुनिश्चित करनी चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष रंजीत राय, सुरेश साव, चुन्नू कांत, विनय सिंह, अनूप सिन्हा, जयशंकर सिन्हा, अजय रंजन सिंह, विवेक गुप्ता, कुंदन सिंह, सिकंदर हेम्ब्रम, मुनिया देवी, संगीता सेठ और बबली साहू समेत बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version