Site icon khabar jharkhand

बिरसा मुंडा की जयंती पर BJP की जनजातीय गौरव पदयात्रा, बाबूलाल मरांडी खूंटी से रांची के लिए हुए रवाना

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली जा रही राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा दूसरे दिन भी जारी रही। पदयात्रा के दूसरे दिन खूंटी से रांची के लिए यात्रा रवाना हुई। इसमें झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी शामिल हुए। यात्रा के दौरान भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दूसरे दिन की पदयात्रा की शुरुआत खूंटी स्थित भाजपा कार्यालय से की गई। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शंखनाद कर यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद पदयात्रा खूंटी से रांची की ओर आगे बढ़ी। यात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ता भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदिवासी समाज के सम्मान का संदेश लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य के सभी आदिवासी भाई-बहनों को सम्मान देने और उनके गौरवशाली इतिहास को याद करने के उद्देश्य से यह पदयात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना इस यात्रा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

भाजपा की इस पदयात्रा में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल होकर आदिवासी समाज के सम्मान, संस्कृति और विरासत का संदेश दे रहे हैं। खूंटी से रांची तक निकाली जा रही इस यात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

Exit mobile version