Site icon khabar jharkhand

फुसरो में फुटपाथ दुकानदारों के समर्थन में उतरी भाजपा, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच उठी मांग, छोटे दुकानदारों को उजाड़ने के बजाय मिले स्थायी जगह

बेरमो: फुसरो बाजार में अतिक्रमण हटाने को लेकर जारी प्रशासनिक कार्रवाई के बीच फुटपाथ दुकानदारों की रोजी-रोटी का मुद्दा गरमा गया है। छोटे दुकानदारों के समर्थन में भाजपा फुसरो नगर मंडल सामने आया है। सोमवार को भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने फुसरो नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और बेरमो अंचल अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीब और छोटे दुकानदारों को उजाड़ने के बजाय उनके लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।

भाजपा फुसरो नगर मंडल अध्यक्ष अविनाश तिवारी उर्फ टुनटुन तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष फुटपाथ दुकानदारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि कई दुकानदार वर्षों से फुटपाथ पर छोटी दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में अचानक कार्रवाई होने से उनके सामने रोजगार और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

भाजपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि फुसरो बाजार में अतिक्रमण की समस्या का स्थायी और व्यावहारिक समाधान निकाला जाए। दुकानदारों की आजीविका सुरक्षित रखते हुए उन्हें व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी न हो।

इस दौरान बेरमो के अंचल अधिकारी संजीत कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में नियमानुसार आवश्यक पहल की जाएगी।

मौके पर नगर मंडल अध्यक्ष अविनाश तिवारी उर्फ टुनटुन तिवारी ने कहा कि फुटपाथ पर दुकान लगाकर परिवार चलाने वाले छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी का सवाल बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते समय उनकी आजीविका और हितों का भी ध्यान रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बाजार को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाना जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर गरीब दुकानदारों के रोजगार को खत्म करना उचित नहीं है। प्रशासन को ऐसा रास्ता निकालना चाहिए, जिससे बाजार में व्यवस्था भी बनी रहे और छोटे दुकानदारों का कारोबार भी सुरक्षित रह सके।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से फुटपाथ विक्रेताओं के हितों की रक्षा करते हुए फुसरो बाजार की अतिक्रमण समस्या का संतुलित और स्थायी समाधान निकालने की अपील की।

Exit mobile version