बेड़ो: रांची जिले के बेड़ो स्थित जरिया स्टेडियम में 6 नवंबर से राजीव गांधी विधानसभा स्तरीय सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व खेल मंत्री बंधु तिर्की की पहल पर युवा कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 11 नवंबर को खेला जाएगा।
टूर्नामेंट को लेकर गुरुवार को विधायक कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष हसीबुल अंसारी ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें भाग लेने वाली टीमों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 70 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
हसीबुल अंसारी ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, लेकिन उचित अवसर और संसाधनों के अभाव में कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते हैं। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और फुटबॉल के जरिए भविष्य संवारने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक युवा खिलाड़ियों और फुटबॉल टीमों से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।
प्रेस वार्ता में मंत्री के प्रतिनिधि मुदस्सिर हक, गंगा मुंडा, फहीम, मुस्लिम, रियाज, रवीन मिंज, चीना, तवकीर, अरविंद, बुधराम, गोवर्धन, चम्पा, रवि और सिंगलु समेत पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

