Site icon khabar jharkhand

एमिटी विश्वविद्यालय का छठा दीक्षांत समारोह संपन्न, 812 विद्यार्थियों को मिली डिग्री

रांची। एमिटी विश्वविद्यालय झारखंड में आज छठा दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026 के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के कुल 812 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कारों और पदकों से सम्मानित किया गया। वहीं, उद्योग जगत की दो प्रतिष्ठित हस्तियों को मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए एमिटी विश्वविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष एवं कुलाधिपति डॉ. अशोक के. चौहान ने विद्यार्थियों के जीवन में दादा-दादी, नाना-नानी और माता-पिता के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से एकजुट होकर दुनिया में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

वहीं, एमिटी विश्वविद्यालय झारखंड के कुलाधिपति डॉ. अतुल चौहान ने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल डिग्री लेकर नहीं जा रहे हैं, बल्कि दुनिया में बदलाव लाने के एक बड़े उद्देश्य का हिस्सा बन रहे हैं।

32 विद्यार्थियों को मिला बलजीत शास्त्री पुरस्कार

दीक्षांत समारोह में 32 विद्यार्थियों को मानव एवं पारंपरिक मूल्यों के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रतिष्ठित श्री बलजीत शास्त्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा शैक्षणिक प्रदर्शन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 11 स्वर्ण, 11 रजत और 7 कांस्य पदक प्रदान किए गए।

समारोह में 5 विद्यार्थियों को सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण विद्यार्थी ट्रॉफी (बेस्ट मैनेजर), 3 विद्यार्थियों को डॉ. अशोक के. चौहान 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति पुरस्कार और 6 विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

संजीव मेहता और आशीष चौहान को मानद डॉक्टरेट

समारोह का विशेष आकर्षण उद्योग जगत की दो प्रतिष्ठित हस्तियों को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित करना रहा। इनमें एल. कैटरटन इंडिया के कार्यकारी अध्यक्ष एवं एल. कैटरटन एशिया के चेयरमैन संजीव मेहता और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीषकुमार मणिलाल चौहान शामिल रहे।

सम्मान प्राप्त करने के बाद संजीव मेहता ने इसे अपने लिए बड़ा सम्मान बताया। वहीं, आशीषकुमार मणिलाल चौहान ने कहा कि यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों में महत्वपूर्ण स्थान रखेगा।

Exit mobile version