Site icon khabar jharkhand

प्रकाश पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सिख समुदाय के साथ की बैठक

रांची: राजधानी रांची में प्रकाश पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सिख समुदाय के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की। बैठक में प्रकाश पर्व के दौरान निकलने वाली प्रभात फेरी और शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पर्याप्त रोशनी और विधि-व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।

प्रभात फेरी और शोभायात्रा के मार्गों पर रहेगी विशेष निगरानी

डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने प्रभात फेरी और शोभायात्रा के निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने को कहा गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता

उपायुक्त ने कहा कि प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है।

Exit mobile version