Site icon khabar jharkhand

उपलब्धि : लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए पीएम अवार्ड हेतु गुमला जिले का हुआ चयन

Achievement: Gumla district selected for PM Award for Excellence in Public Administration

Achievement: Gumla district selected for PM Award for Excellence in Public Administration

गुमला:

हर वर्ष सिविल सर्विस डे पर प्रदान किए जाने वाले अति प्रतिष्ठित पीएम अवार्ड के लिए गुमला जिले का आधिकारिक चयन हो चुका है। लोक प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री के हाथों मिलने वाला यह अवार्ड गुमला जिले को मिलने की सूचना पर जिले की पूरी टीम एवं यहां के नागरिकों में काफी हर्ष का माहौल है। चयन की आधिकारिक सूचना मिलने के उपरांत सुबह से ही शहर के प्रशासनिक पदाधिकारी, मीडिया कर्मी एवं प्रबुद्धजन परस्पर एक दूसरे को बधाई देने के साथ-साथ उपायुक्त सुशांत गौरव को बधाई संदेश दे रहे हैं।
21 अप्रैल को विज्ञान भवन में मा. प्रधानमंत्री के हाथों उपायुक्त श्री सुशांत गौरव प्राप्त करेंगे अवार्ड
उक्त एक्सीलेंस अवार्ड आगामी 21 अप्रैल को नई दिल्ली विज्ञान भवन सभागार में माननीय प्रधानमंत्री के हाथों उपायुक्त श्री सुशांत गौरव ग्रहण करेंगे।जिले में हर आम और खास व्यक्ति गुमला के समग्र विकास हेतु उपायुक्त श्री सुशांत गौरव के जमीनी प्रयासों, संवेदनशील सोच एवं प्रशासनिक दक्षता की चर्चा कर रहा है। उल्लेखनीय है कि यह पहला मौका है जब झारखंड के किसी जिले को लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार के लिये चयनित किया गया है। बता दें कि पिछले एक वर्ष के अपने कार्यकाल में ही उपायुक्त सुशांत गौरव के प्रयासों से कई बेहतरीन कार्यों को गुमला में धरातल पर उतारा गया है।

इस उपलब्धि के लिए पूरे जिले वासियों को उपायुक्त ने दी बधाई
बीते दिनों जिले में हुए कतिपय कार्यों में रागी मिशन को नयी ऊंचाई देना, एनीमिया उन्मूलन, टीबी मुक्त जिला की दिशा में प्रयास, दिव्यांगता पहचान एवं दिव्यांग कल्याण के लिए किये गए कार्य, पुस्तकालय क्रांति, खेल बैंक, शिक्षा क्षेत्र में अवसंरचनात्मक विकास, बांस शिल्पकारों का प्रशिक्षण एवं संवर्धन, ताना भगत समुदाय का बहुआयामी योजनाओं से आच्छादन, जिला से लेकर पंचायतों तक खेलों को बढ़ावा, पंचायतों का डिजिटाइजेशन, महिला स्वयं सहायता समूहों को बहुद्देशीय कार्यों में लगाना, मत्स्य पालन को नए आयाम देना, कृषि क्षेत्र में नवाचारी उपायों को अपनाना आदि।

Exit mobile version