HomeJharkhandअनूप सिंह का BJP पर हमला, बोले- हेमंत सोरेन पर दबाव बनाने...

अनूप सिंह का BJP पर हमला, बोले- हेमंत सोरेन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही भाजपा, MMDR और SIR पर भी उठाए सवाल

रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में MMDR बिल और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव देखने को मिला। राज्य सरकार की ओर से दोनों मुद्दों पर विरोध प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा गया। इस बीच बेरमो विधायक अनूप सिंह ने MMDR बिल और SIR की प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा।

अनूप सिंह ने कहा कि MMDR बिल से झारखंड को आर्थिक नुकसान होगा। इससे राज्य की आमदनी प्रभावित होगी और सरकार की ओर से चलाई जा रही कई कल्याणकारी योजनाओं पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा नुकसान राज्य की जनता को उठाना पड़ेगा। झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के हितों को ध्यान में रखते हुए इस बिल का विरोध जरूरी है।

SIR को लेकर उठाए सवाल, न्यायालय जाने की बात कही

SIR के मुद्दे पर विधायक अनूप सिंह ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान गलत तरीके से लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों को उनके मताधिकार और संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। इस मुद्दे पर महागठबंधन जरूरत पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएगा।

भाजपा पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दबाव में लेने का आरोप

अनूप सिंह ने भाजपा पर राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी झारखंड में अपने सभी हथकंडे अपना चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेज चुकी है और अब उन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है, ताकि वे भाजपा के साथ चले जाएं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भाजपा के दबाव में नहीं आएंगे और भाजपा की मंशा को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

विधानसभा के विशेष सत्र में MMDR बिल और SIR को लेकर पारित प्रस्तावों के बाद राज्य और केंद्र सरकार के बीच राजनीतिक टकराव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं, अनूप सिंह के बयान से इन दोनों मुद्दों पर झारखंड की सियासत और गरमा गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments