HomeJharkhandबोकारो DAV स्कूल में छठी के छात्र की पिटाई का आरोप, सिर...

बोकारो DAV स्कूल में छठी के छात्र की पिटाई का आरोप, सिर में सूजन और कान से सुनने में परेशानी; पिता ने मांगी कार्रवाई

बोकारो: बोकारो के डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 में छठी कक्षा के छात्र की शिक्षिका द्वारा पिटाई किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। छात्र के पिता रामप्रवेश सिंह ने स्कूल की अंग्रेजी शिक्षिका चंदा ठाकुर पर मारपीट का आरोप लगाते हुए स्कूल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। पिता का आरोप है कि पिटाई के कारण बच्चे के सिर में सूजन आ गई और उसके दाहिने कान से सुनने में भी परेशानी होने लगी है।

मामला 25 नवंबर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, ऋतुराज डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 में कक्षा छह ई का छात्र है। उसके पिता रामप्रवेश सिंह बोकारो उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत हैं। पिता की ओर से दी गई लिखित शिकायत के मुताबिक, 25 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे अंग्रेजी की कक्षा के दौरान किसी बात को लेकर शिक्षिका चंदा ठाकुर नाराज हो गईं। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद बच्चे के सिर में सूजन आ गई और दाहिने कान से सुनने में परेशानी होने लगी।

पहले से ब्रेन संबंधी बीमारी से पीड़ित है छात्र

छात्र के पिता ने अपनी शिकायत में बताया है कि उनका बेटा पहले से ही ब्रेन संबंधी बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज तमिलनाडु के सीएमसी वेल्लोर में चल रहा है। पिता के अनुसार, बच्चे की बीमारी की जानकारी स्कूल प्रबंधन को पहले ही दी जा चुकी थी। 22 अप्रैल 2025 को इस संबंध में स्कूल को लिखित आवेदन भी सौंपा गया था। इसके बावजूद बच्चे के साथ इस तरह की घटना होने से परिवार काफी चिंतित है।

स्कूल प्रबंधन ने दिया कार्रवाई और इलाज का आश्वासन

घटना के बाद छात्र के पिता ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की। बताया जा रहा है कि प्राचार्य ने लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में कार्रवाई करने और बच्चे के इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया है। वहीं, पिता ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर शिक्षिका के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी अपील की है कि स्कूल में उनके बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

डीएसपी सिटी ने जांच की कही बात

मामले को लेकर बोकारो के डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने कहा है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में कुछ स्पष्ट बताया जा सकेगा।

फिलहाल इस मामले में छात्र के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपों की जांच की मांग उठ रही है। अब देखना होगा कि स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments