HomeJharkhandदेवोत्थान एकादशी पर बाबाधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, बारिश के बीच...

देवोत्थान एकादशी पर बाबाधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, बारिश के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

देवघर: देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को बाबा वैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश और खराब मौसम के बावजूद हजारों भक्त बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए मंदिर पहुंचे। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा।

तड़के मंदिर का पट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं के जलार्पण का सिलसिला शुरू हो गया। भक्त बारिश की परवाह किए बिना कतारबद्ध होकर द्वादश ज्योतिर्लिंग पर पवित्र जल अर्पित करते रहे और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

देवोत्थान एकादशी के विशेष महत्व को देखते हुए देवघर के स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा बिहार, बंगाल और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में भक्त बाबाधाम पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम जलार्पण कराने के लिए मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। बारिश के कारण फिसलन की आशंका को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षाबल तैनात रहे।

पुरोहितों के अनुसार, देवोत्थान एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इस दिन बाबा वैद्यनाथ का जलाभिषेक करना विशेष पुण्यदायी माना जाता है। यही वजह रही कि खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments