HomeJharkhandकोडरमा में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 700 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त;...

कोडरमा में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 700 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त; बिहार का चालक गिरफ्तार

कोडरमा: झारखंड में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कोडरमा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सतगावां थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक एक्सयूवी कार से करीब 700 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त करने के साथ ही चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर निजी चारपहिया वाहन के जरिए सतगावां के रास्ते अवैध शराब की बड़ी खेप बिहार ले जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने सतगावां थाना प्रभारी बबलू सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की।

इसके बाद पुलिस टीम ने माधोपुर के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध एक्सयूवी कार वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।

कार की तलाशी लेने पर पुलिस को अलग-अलग ब्रांड की करीब 700 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। इसके बाद पुलिस ने शराब समेत वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार चालक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी शिव कुमार रॉय के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि शराब की खेप गिरिडीह की ओर से लाई जा रही थी और इसे सतगावां के रास्ते बिहार के नवादा ले जाने की योजना थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े मुख्य सरगना और अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अवैध शराब कारोबार से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments