कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में बस और हाइवा के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। दोनों घायल चालकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा में भर्ती कराया गया है।
पहली दुर्घटना कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास हुई। जानकारी के अनुसार, बिहार के रजौली से एक खाली हाइवा कोडरमा की ओर आ रहा था। इसी दौरान झुमरीतिलैया से पटना जा रही भवानी ट्रेवल्स की बस घाटी से गुजर रही थी। नौवां माइल के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क के दाहिनी ओर चली गई। इसी दौरान सामने से आ रहे हाइवा से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के चालक केबिन में फंस गए। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई यात्री बस से कूदकर बाहर निकलने लगे। वहीं, बस चालक और हाइवा चालक वाहन के अंदर ही फंस गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों में फंसे चालकों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों की पहचान बस चालक चंदन कुमार (40 वर्ष) और हाइवा चालक जितेंद्र कुमार (38 वर्ष) के रूप में हुई है। रोड सेफ्टी टीम के सागर कुमार और पीसीआर पुलिस की सहायता से सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तराघाटी में मछली लदा ट्रक पलटा
वहीं, दूसरी सड़क दुर्घटना कोडरमा घाटी के तराघाटी में हुई। यहां आंध्र प्रदेश से मछली लोडकर बिहार जा रहा एक ट्रक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हालांकि, इस दुर्घटना में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
क्रेन से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन, आवागमन हुआ बहाल
बस और हाइवा के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और हाइवा को सड़क से हटवाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था फिर से सामान्य कर दी गई।
लगातार हुए दो सड़क हादसों के बाद कोडरमा घाटी में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
